उत्तराखंड निकाय चुनाव में BJP का परचम, सात नगर निगमों में से भाजपा ने चार सीटें जीतीं, कोटद्वार में कांग्रेस की जीत

उत्तराखंड निकाय चुनाव में BJP का परचम, सात नगर निगमों में से भाजपा ने चार सीटें जीतीं, कोटद्वार में कांग्रेस की जीत


उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महापौर की सात सीटों में से चार सीटें जीत ली है और एक सीट पर बढ़त बनाये हुए है। शहरी निकाय चुनाव के लिए देर रात तक मतगणना जारी थी। भाजपा ने हल्द्वानी, ऋषिकेश, काशीपुर और रुद्रपुर में महापौर सीटों पर जीत दर्ज कर ली है जबकि देहरादून में उसका उम्मीदवार बढ़त बनाये हुए है। कांग्रेस ने कोटद्वार में मेयर पद पर जीत हासिल कर ली है।ज्यादातर सीटों के परिणामों की अभी प्रतीक्षा है। सात नगर निगमों समेत 84 शहरी निकायों, 39 नगरपालिका परिषदों और 38 नगर पंचायतों के लिए 18 नवम्बर को मतदान हुआ था। उत्तराखंड नगर निकाय के चुनावों में नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक निकायों में सफलता हासिल की है। जबकि वार्ड सदस्यों के पदों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने भाजपा और कांग्रेस करारी हार का स्वाद चखा दिया। अब तक घोषित सभासदों के नतीजों में दोनों दल मिलकर भी निर्दलीयों के बराबर सीटें नहीं ला सके हैं।

नगर निगमों में भाजपा को बढ़त


खबर लिखे जाने तक हल्द्वानी, ऋषिकेश,काशीपुर और रुद्रपुर नगर निगम में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर ली थी।जबकि कोटद्वार में कांग्रेस प्रत्याशी हेमलता नेगी 1578 वोटों से विजयी रहीं। अन्य तीन में नगर निगमों में मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए थे। इसमें दून और हरिद्वार शामिल हैं।


पिथौरागढ़ में कांग्रेस, चंपावत में भाजपा साफ


कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। यहां पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला और गंगोलीहाट में भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। जबकि चंपावत जिले के चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर और बनबसा में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा।

39 पालिकाओं में से 33 के नतीजे घोषित


रात दस बजे तक प्रदेश के 39 नगर पालिकाओं में से 33 के परिणाम घोषित हो चुके थे, जिसमें भाजपा को दस, कांग्रेस को 13 और निर्दलियों को दस शहरों में अध्यक्ष के पद पर कामयाबी हासिल हुई है। इसी तरह 38 नगर पंचायतों में से 36 के परिणाम जारी हो पाए हैं, जिसमें से भाजपा सर्वाधिक 18 नगर पंचायतों में अध्यक्ष बनाने में कामयाब रही है। कांग्रेस छह और निर्दलीय प्रत्याशी 12 नगर पंचायतों में अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।

Post a Comment

0 Comments